हार गए हो क्या?
बस, हार गए हो क्या ? कुछ चोटों में अपनी पराजय, स्वीकार गए हो क्या ? हार गए हो क्या ? रिश्तों के धागे सुलझाते, सुख-दुख में हिंडोले खाते, जीवन के संताप ताप से, अंगार गए हो क्या? हार गए हो क्या ? खड़ी पहाड़ी चढ़ते- चढ़ते, अनजान राह में बढ़ते-बढ़ते, जीवन की अनिश्चितता से अंधार गए हो क्या ? हार गए हो क्या? सबका पोषण करते-करते, हर इक रीते घट को भरते, कर्त्तव्यों के मकड़जाल में, मन मार गए हो क्या? हार गए हो क्या? जीवन की बाज़ी ना जीते, अपमानों के घूंट भी पीते हृदय बींधता हर एक विषघट, डकार गए हो क्या? हार गए हो क्या ? अंधियारा मुंह आगे पाकर, दहलीज़ों से ठोकर खाकर, हिम्मत की लाठी खटकाकर, कभी उस पार गए हो क्या? कि बस यहीं हार गए हो क्या? ~नेहा दशोरा