राम

चित्र साभार: डॉ. ऋतम उपाध्याय



राम नाम का अर्थ सबलता, 

राम नाम विश्वास है। 

राम नाम का अर्थ सरलता, 

राम नाम मिठास है।


राम नाम के दो अक्षर में,

सब जग की शीतलता है।

राम नाम की एक टेर में, 

मिटती सब व्याकुलता है।


राम नाम में रमने वाले, 

सब चिंता से ऊपर है। 

राम नाम के जपने में, 

सब प्रश्नों के उत्तर है।


राम नाम में कोमलता है, 

राम नाम संबल भी है। 

राम नाम है कर्त्तव्यों का, 

राम वास जंगल भी है।


राम प्रेम का है पर्याय, 

राम क्षमा का गुण भी हैं। 

राम न्याय रक्षा का द्योतक, 

राम कला निपुण भी हैं।


राम त्याग की अतुल कहानी, 

और राम तपस भी हैं। 

राम दया की प्रतिमूर्ति,

राम करुण अंतस भी हैं।


राम गुणों के हैं आगार, 

निर्गुण में भी बसते राम। 

राम तत्व के ज्ञान में है, 

सरल चित्त में हंसते राम।


राम सत्य का दूजा नाम, 

राम हृदय को दे विश्राम। 

राम पराक्रम, राम प्रताप, 

मर्यादा पुरुषोत्तम राम।


शबरी की श्रद्धा हैं राम, 

केवट तर गए खेकर राम। 

चरण धूलि जब छुई अहिल्या, 

पत्थर में थे फूंके प्राण।


हनुमान के भगवन् राम, 

भ्रात भारत के प्राणाधार। 

लक्ष्मण के संग वन-वन घूमे, 

सीता मैया के भर्तार।


गुरुजन के भी प्यारे राम, 

मात-पिता के दुलारे राम। 

शरणागत के रक्षक राम, 

जन-जन के प्रिय राजा राम।


अपने चरित से दर्शाते, 

मानव जीवन के संघर्ष। 

और हम सबको सिखलाते, 

जीवन के ऊंचे आदर्श।


रघुकुल गौरव, रघुवर नाम, 

सकल लोक के पालनहार। 

रावण के दंभों को हरते, 

अवगुण का करते संहार।


कण-कण में बसते हैं राम, 

हर मन में बसते हैं राम। 

संतों की वाणी में राम,

सज्जन में बसते हैं राम।


आज अवध में मची है धूम, 

राम लला हैं पहुँचे धाम।

सकल विश्व गुंजायमान, 

जय श्री राम, जय श्री राम।

                      ~नेहा दशोरा 

Comments

Popular posts from this blog

जब मां थी...

मनोभाव